Sunday, August 2, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने नगर निगम की एन-कैप (NCAP) योजना की करी समीक्षा

 

बरेली, 31 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज नगर निगम की एन-कैप (NCAP) योजना की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट कक्ष में सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों का निष्पादन अभी शेष है, उनके टेंडर तत्काल तैयार कराकर समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराया जाए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लंबित सड़कों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्राचार कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन नई सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, उनके किनारे व्यापक वृक्षारोपण कराया जाए तथा पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी पूर्ण एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों का विवरण संबंधित पोर्टल पर समय से अपलोड किया जाए, जिससे कार्यों की नियमित निगरानी हो सके।

उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि पूर्ण कराए गए कार्यों का सत्यापन टीम गठित कर कराया जाए। वहीं वन विभाग को निर्देशित किया कि मियावाकी पद्धति के अंतर्गत जहां अभी तक वृक्षारोपण नहीं हुआ है, वहां डीपीआर तैयार कर शत-प्रतिशत वृक्षारोपण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने इन निर्देशों की प्रगति की समीक्षा के लिए 15 दिन बाद पुनः बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत सिंह सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------