Sunday, August 2, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के इतिहास में ऐतिहासिक उपलब्धि : 45 शिक्षकों को एक साथ मिली पदोन्नति, कुलपति ने सौंपे प्रमाण-पत्र

बरेली,31 जुलाई। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय परिसर स्थित सभागार कक्ष में आज एक भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने हाल ही में पदोन्नत हुए 45 शिक्षकों को उनके पदोन्नति प्रमाण-पत्र व्यक्तिगत रूप से प्रदान किए। यह विश्वविद्यालय के इतिहास का पहला अवसर है, जब इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों को एक साथ पदोन्नति प्रदान की गई है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी शिक्षकों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह ने कहा कि पदोन्नति के साथ-साथ उत्तरदायित्व भी बढ़ जाता है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अपने कार्यों में पूरी लगन, निष्ठा और मेहनत के साथ उत्कृष्टता स्थापित करें तथा अपने शैक्षणिक एवं शोध कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाएं।

कुलपति जी ने शिक्षकों के तीन प्रमुख कर्तव्यों – शिक्षण, शोध एवं विस्तार – पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन तीनों आयामों पर सभी शिक्षकों को विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित किया कि वे अधिक से अधिक शोध-पत्र लिखें, सेमिनारों एवं कार्यशालाओं में सक्रिय भागीदारी करें तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए अपनी साइटेशन संख्या में निरंतर वृद्धि करें।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों को समाज से जुड़कर कार्य करना चाहिए और शोध के माध्यम से सामाजिक समस्याओं के समाधान में योगदान देना चाहिए। अंत में उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं एक ‘ग्लोबल सिटिजन’ (वैश्विक नागरिक) बनें एवं अपने छात्रों को भी वैश्विक नागरिक के रूप में विकसित करें, ताकि वे वैश्विक परिवेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकें।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, शैक्षणिक डीन प्रोफेसर एस.के. पांडे, प्रोफेसर आलोक श्रीवास्तव सहित विश्वविद्यालय के बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ जो कुल सचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह एवं प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह द्वारा दिया गया।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------