उत्तर प्रदेश

BBAU में खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए 16 सितंबर से प्रशिक्षण शिविर, 90% उपस्थिति वालों को ही मिलेगा ट्रायल का मौका

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान नॉर्थ जोन, सेंट्रल जोन और ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों की तैयारियों के लिए 16 सितंबर 2026 से विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा। विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर लखनऊ और अमेठी सैटेलाइट सेंटर के सभी पंजीकृत विद्यार्थी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

प्रशिक्षण शिविर का आयोजन खेलकूद अनुभाग के डायरेक्टर प्रो. के.एल. महावर के दिशानिर्देशन में किया जाएगा। इसका संचालन खेलकूद अनुभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. मनोज कुमार डडवाल के मार्गदर्शन में होगा।

पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ियों के लिए दो सत्र

डॉ. मनोज कुमार डडवाल ने बताया कि विभिन्न टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाओं के पुरुष एवं महिला वर्ग के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए प्रशिक्षण शिविर 16 सितंबर से शुरू होगा। सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रातःकालीन सत्र सुबह 6 बजे से 8 बजे तक और सायंकालीन सत्र शाम 4:30 बजे से 6:30 बजे तक चलेगा। प्रशिक्षण का आयोजन एसएएस बिल्डिंग के पीछे स्थित परेड ग्राउंड में किया जाएगा।

छात्राओं के लिए एरोबिक्स का भी होगा प्रशिक्षण

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से महिला विद्यार्थियों के लिए बीएमएसएसी परिसर में एरोबिक्स प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया जाएगा। यह सत्र 16 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक चलेगा। इसमें सभी इच्छुक छात्राएं हिस्सा ले सकती हैं।

-------------------------------------------------------------------------------------------

अमेठी सेंटर के विद्यार्थियों को मुख्य परिसर आने से छूट

अमेठी सैटेलाइट सेंटर के विद्यार्थियों को मुख्य परिसर में प्रतिदिन होने वाले प्रशिक्षण सत्रों में उपस्थित होने की बाध्यता से छूट दी गई है। हालांकि, प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को 16 सितंबर 2026 तक उचित माध्यम से खेल विभाग में अपना नाम दर्ज कराना अनिवार्य होगा।

नाम दर्ज कराने के बाद विद्यार्थियों को ओपन सिलेक्शन ट्रायल्स की तिथि की जानकारी पहले से उपलब्ध कराई जाएगी।

90 प्रतिशत उपस्थिति पर ही मिलेगा सेलेक्शन ट्रायल का मौका

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए होने वाले सेलेक्शन ट्रायल्स में उन्हीं विद्यार्थियों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा, जिनकी प्रशिक्षण शिविर में न्यूनतम 90 प्रतिशत उपस्थिति होगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण सत्रों में नियमित रूप से भाग लेने और आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए इस प्रशिक्षण शिविर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------