विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

बरेली,06जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. के.पी. सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में रुद्राक्ष के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा परिसर को और अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना था।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण मानवता की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने का संदेश दिया गया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव (Registrar), परीक्षा नियंत्रक (Controller of Examination), अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW), अधिष्ठाता शैक्षणिक (Dean Academics) सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रो. एस.के. पाण्डेय, प्रो. जे.एन. मौर्य, प्रो. संजय मिश्रा, प्रो. यतेन्द्र कुमार, प्रो. नवीन कुमार, डॉ. अजय यादव, डॉ. अतुल कटियार, डॉ. सौरभ मिश्रा, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित जनों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने के संकल्प के साथ हुआ। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
