UP Weather: यूपी में बर्फीली हवा से कांपे लोग, और बढ़ेगी ठंड; जानें अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम

UP Weather: यूपी में बर्फीली हवा से एक बार फिर लोग कांप गए। राजधानी लखनऊ में दो दिन बाद फिर लोगों को धूप की गुनगुनाहट मिली लेकिन बर्फीली हवा से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के अनुसार उच्च हिमालयी इलाकों से होकर आ रही पछुआ हवा में तेजी आई है। यह गुरुवार तक जारी रहेगी। इससे रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। मंगलवार सुबह से दोपहर तक आसमान में धुंध छाई रही। इस दौरान सर्द हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा। दोपहर बाद करीब सवा बजे हल्की धूप निकली।

यह शाम चार बजे तक बनी रही जिसके बाद फिर सूरज धुंध के पीछे छिपने लगा। दिन में कुछ समय धूप निकलने की वजह से अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद पछुआ में तेजी आती है। यह तेजी शुरू हो चुकी है जो अगले 48 घंटों तक जारी रहेगी। ऐसे में रात के तापमान में गिरावट होगी। दिन का तापमान भी सामान्य से कम रह सकता है। पूर्वी यूपी में मौसम का मिजाज सर्द बना हुआ है। लगातार चौथे दिन आसमान में काले घने बादल छाए रहे। मंगलवार को दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। इसके कारण आठ दिन बाद अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस (डिसे) के करीब पहुंच गया। इससे पहले 28 जनवरी को अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस था। उसके बाद से तापमान लगातार ऊपर चढ़ा है।

मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह इस महीने दिन का सबसे सर्द दिन रहा। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को यह लुढ़क कर 18.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। सामान्य से अधिक रहा रात का पारा:मंगलवार को रात का न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन और रात के तापमान में महज पांच डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि बादल छंट जाएंगे। इसके कारण बुधवार को सूरज निकलेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। अधिकतम तापमान ऊपर चढ़ेगा। तड़के कोहरा छाया रहेगा।

वहीं ताजनगरी आगरा में मंगलवार को आसमान पूरी तरह साफ रहा। सुबह से तेज धूप निकली मगर बर्फीली हवाओं की चुभन बढ़ गई। पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी का असर दिन भर देखा गया। मंगलवार सुबह आसमान साफ रहा, करीब नौ बजे हल्की धूप देखी गई। इसके बाद धीरे-धीरे धूप बढ़ती गई। हालांकि इस दौरान चल रही हल्की हवाएं बेहद सर्द थीं। सुबह का तापमान भी नौ से 10 डिग्री के बीच रहा। दोपहर में तेज धूप खिलने के बाद भी बर्फीली हवाएं शरीर में घुसती रहीं। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम होकर 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 92 रहा है।

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी। जबकि गुरुवार से सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है। यह सिलसिला 10 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद 12 फरवरी तक हल्की धुंध छाई रह सकती है। इस दौरान दिन का पारा 23 और रात का तापमान सात डिग्री के आसपास रह सकता है। वाराणसी में बारिश के बाद मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक में गिरावट हुई है। शहर ग्रीन जोन में आ गया हैं। सबसे साफ अर्दली बाजर क्षेत्र रहा। वहां एक्यूआई 21 दर्ज किया गया। भेलूपुर 50, मलदहिया, 82 और बीएचयू में एक्यूआई 30 दर्ज किया गया।

उधर मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बुधवार को भी बादलों की आवाजाही रहेगी। गुरुवार से मौसम साफ होगा और तेज पछुआ हवा चलने से तापमान में गिरावट दर्ज होगी। सुबह और देर रात हल्का कोहरा भी रहेगा। न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री नीचे आएगा। मंगलवार को दिन में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूरवा हवा चल रही थी। इसे दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 23 और रात का तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 15.3 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 12 फरवरी को बूंदाबादी के आसार हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper