Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

गोण्डा की कचौड़ी और इटियाथोक के दही बड़े को मिली नई पहचान, ओडीओपी योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

गोण्डा: जिला पंचायत सभागार में शनिवार को जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के तत्वावधान में एक जनपद-एक व्यंजन योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनपद की प्रसिद्ध कचौड़ी और इटियाथोक के दही बड़े का चयन किए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान उद्यमियों और लाभार्थियों को योजना के तहत मिलने वाले अवसरों, सुविधाओं और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।

स्वरोजगार और उद्यम स्थापना के अवसरों की दी जानकारी

कार्यशाला में खादी ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी ने योजना के माध्यम से स्वरोजगार और नए उद्यम स्थापित करने के लिए उपलब्ध अवसरों के बारे में बताया। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने खाद्य उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, स्वच्छता एवं साफ-सफाई के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और स्वीकृत खाद्य रंगों के उचित इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।

वहीं श्रम विभाग की ओर से श्रम कानूनों और श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रतिभागियों को दी गई। अधिकारियों ने स्थानीय खाद्य उत्पादों को गुणवत्तापूर्ण बनाने और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

-------------------------------------------------------------------------------------------

कार्यक्रम के दौरान उद्यमी भूपेन्द्र आर्या और इटियाथोक के उद्यमी कृपाशंकर शुक्ला ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। दोनों ने स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने और उनके लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक जनपद-एक व्यंजन योजना को उपयोगी बताया।

स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने पर जोर

कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा आयुक्त और बाट-माप विभाग के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले पारंपरिक खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहित करने, उनकी गुणवत्ता बनाए रखने और आकर्षक पैकेजिंग के जरिए उन्हें व्यापक बाजार तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------