Sunday, September 13, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

कांवड़ यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत, हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल बना पड़ाव

गोंडा। कजरी तीज के अवसर पर कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के एक समूह ने फैजाबाद रोड स्थित समाजसेवी लतीफुर्रहमान के आवास के सामने कुछ देर विश्राम किया। इस दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया, यात्रियों का हाल-चाल जाना गया तथा उनके लिए सूक्ष्म जलपान और पेयजल की व्यवस्था की गई।
कांवड़ यात्रियों के इस समूह में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे। यात्रा की थकान के बीच जब श्रद्धालुओं को अपनत्व और आत्मीयता के साथ विश्राम का अवसर मिला तो वातावरण भावुक और खुशनुमा हो गया।
इस अवसर पर कुछ वृद्ध महिलाओं ने भावुक होकर बताया कि “हम लोग पिछले करीब 20 वर्षों से इस स्थान पर रुककर विश्राम करते हैं। यहां हर बार बहुत अपनापन और आनंद मिलता है।” उनकी बातों में वर्षों से चले आ रहे इस आत्मीय संबंध की गर्माहट साफ महसूस की जा सकती थी।
इस अवसर पर हाजी शफीक, क़ाज़ी अनीस, मुजीब अहमद, इकबाल खान और नजमी कमाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने श्रद्धालुओं की सेवा-सत्कार में सहयोग किया।
कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सेवा का यह छोटा-सा प्रयास सामाजिक सौहार्द की एक बड़ी तस्वीर पेश करता है। धर्म अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत का जज़्बा एक होता है। एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हुए राहगीरों और श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारे मानवीय एकता की खूबसूरत पहचान है।
कजरी तीज के इस अवसर पर सामने आया यह दृश्य इस बात का संदेश देता है कि मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे के रिश्ते किसी मजहब की सीमा में बंधे नहीं होते। जब एक समुदाय दूसरे समुदाय के श्रद्धालुओं का सम्मान और सेवा करता है, तो यही सद्भाव समाज को मजबूत करता है और नफरत की दीवारों को कमजोर करता है।
यह पहल निश्चित रूप से हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी प्रेम और सामाजिक सौहार्द की एक प्रेरणादायक मिसाल है।

-------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------