गूगल ने भोजपुरी सहित आठ भारतीय भाषाओं को जोड़ा, अब होगा संस्कृत में भी ट्रांसलेशन

नई दिल्ली: दिग्गज सर्च इंजन Google ने संस्कृत सहित आठ भारतीय भाषाओं को गूगल ट्रांसलेट (Google Translate) में जोड़ा है। इंटरनेट फर्म लगातार अपने ऑनलाइन ट्रांसलेशन प्लेटफॉर्म पर कई क्षेत्रीय भाषाओं को जोड़ रही है। गूगल रिसर्च के सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर आइजैक कैसवेल ने एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में ईटी को बताया, ‘संस्कृत गूगल ट्रांसलेट में नंबर वन और सबसे ज्यादा रिक्वेस्ट की जाने वाली भाषा है और अब हम इसे आखिरकार जोड़ रहे हैं। हम पूर्वोत्तर भारत से पहली बार भाषाओं को जोड़ रहे हैं।”

संस्कृत के अलावा, गूगल ट्रांसलेट के लेटेस्ट प्रोग्राम में अन्य भारतीय भाषाएं असमिया, भोजपुरी, डोगरी, कोंकणी, मैथिली, मिजो और मेइतिलोन (मणिपुरी) हैं। इसी के साथ अब गूगल ट्रांसलेट पर उपलब्ध भारतीय भाषाओं की कुल संख्या को 19 हो गई है। यह घोषणा बुधवार की देर रात शुरू हुए वार्षिक Google सम्मेलन I/O में की गई। बता दें कि भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची भारत की भाषाओं से संबंधित है और इस अनुसूची में 22 भारतीय भाषाओं को शामिल किया गया है। लेकिन गूगल का लेटेस्ट अपडेट भारत की सभी 22 अनुसूचित भाषाओं को कवर नहीं करता है। इसको लेकर कैसवेल ने ईटी को बताया, “हमने अनुसूचित भाषाओं के इस गैप को कम से कम करने के लिए काफी हद तक प्रयास किया है।”

अपडेट में जोड़ी गईं सभी भाषाओं को केवल टेक्स्ट ट्रांसलेशन फीचर में सपोर्ट किया जाएगा, लेकिन कंपनी जल्द ही वॉयस टू टेक्स्ट, कैमरा मोड और अन्य फीचर्स को रोल आउट करने पर काम करेगी। उन्होंने कहा, “हम उन पर काम कर रहे हैं, लेकिन वे अभी तक इन सभी भाषाओं को सपोर्ट नहीं करते हैं।” Google भारतीय भाषाओं के ट्रांसलेशन के संबंध में कमियों को दूर करने के लिए भी काम कर रहा है। कैसवेल ने कहा, “हमें यह आभास होता है कि भारतीय भाषाओं के लिए हमारे मॉडल द्वारा अक्सर किए जाने वाले अनुवाद में गलतियाँ पुराने शब्दों की होती हैं।” उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसे शब्द ट्रांसलेट होते हैं जिन्हें लोग नहीं जानते या नियमित रूप से इस्तेमाल नहीं करते हैं।

उन्होंने कहा, “हम (समस्याओं) को बेहतर ढंग से समझने की कोशिश कर रहे हैं, और उम्मीद है कि हमारे मॉडल को इस पुराने जमाने के बजाय अधिक बोलचाल के आउटपुट की ओर स्थानांतरित करना होगा।”

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper