हिमाचल प्रदेश 3 हफ्ते में कैसे जिताएगा कांग्रेस का नया अध्यक्ष? पहली ही चुनौती विराट

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इसी के साथ राजनीतिक दल भी चुनावी परीक्षा देने के लिए तैयार हो गए हैं। हालांकि, इसी बीच एक और चुनाव है, जो चर्चाओं में बना हुआ है। कांग्रेस अध्यक्ष के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होना है और 19 अक्टूबर को पार्टी को नया प्रमुख मिलेगा। इधर, भारत निर्वाचन आयोग ने हिमाचल प्रदेश में चुनाव की तारीख 12 नवंबर तय की है। इस लिहाज से नए कांग्रेस अध्यक्ष के सामने पहली ही चुनौती से पार पाने के लिए कुछ हफ्तों का समय रह जाएगा।

क्या भारत जोड़ो यात्रा का पड़ेगा असर?
इधर, वायनाड सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से भी चुनावी राज्य में खास मदद मिलने की संभावना कम है। इसकी वजह है कि यह यात्रा गुजरात और हिमाचल प्रदेश दोनों ही राज्यों में नहीं जा रही है। साथ ही जिस वक्त पहाड़ी राज्य में मतदान हो रहा होगा, उस दौरान पदयात्रा के महाराष्ट्र में होने के आसार हैं।

प्रियंका के चेहरे पर निर्भर कांग्रेस
फिलहाल, पार्टी प्रियंका गांधी वाड्रा के चेहरे पर निर्भर नजर आ रही है। शुक्रवार को ही उन्होंने सोलन में रैली के से हिमाचल प्रदेश में चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। खबर है कि राज्य में जल्दी तीन और रैलियां भी कर सकती हैं। तैयारियों के लिहाज से प्रियंका और नए अध्यक्ष के सामने समय बड़ी चुनौती है। इससे पहले प्रियंका उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की कमान संभाल रही थीं। हालांकि, पार्टी को बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ा था।

तैयारियों में आगे निकलती दिख रही भाजपा
इधर, भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद मैदान में उतर आए हैं। वह लगातार करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं और कांग्रेस, आप पर निशाना साध रहे हैं। अगस्त के अंत से लेकर अब तक वह करीब 10 दिन गुजरात और हिमाचल प्रदेश में गुजार चुके हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव
कांग्रेस में शीर्ष पद पर मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर दावा पेश कर रहे हैं। दोनों ही नेता फिलहाल अपनी-अपनी उम्मीदवारी के प्रचार में जुटे हुए हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, अगर 19 अक्टूबर तक कांग्रेस प्रमुख के नाम पर मुहर लग जाती है, तो हिमाचल प्रदेश में मतदान की तारीख तक नए अध्यक्ष के पास तैयारियों के लिए लगभग तीन सप्ताह का समय होगा। राज्य में 8 दिसंबर को मतगणना होगी। फिलहाल, गुजरात में चुनाव कार्यक्रम का ऐलान नहीं हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper