राज्यलखनऊ

जल शक्ति मंत्री ने बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था का लिया जायजा

लखनऊ, 22 मई 2026।
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज यहाँ तेलीबाग स्थित सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अंतर्गत सूचना प्रणाली संगठन (ISO) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में संचालित बाढ़ सुरक्षा कार्यों की निगरानी व्यवस्था एवं तकनीकी प्रणालियों का अवलोकन किया।

जलशक्ति मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं निगरानी के लिए कार्यस्थलों पर कैमरे स्थापित किए गए हैं। सूचना प्रणाली संगठन (ISO) द्वारा विकसित वेबसाइट के माध्यम से इन कैमरों को इंटरनेट से जोड़ा गया है, जिससे लखनऊ मुख्यालय एवं जिला मुख्यालयों से परियोजनाओं की 360 डिग्री ऑनलाइन मॉनिटरिंग संभव हो रही है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने स्वयं ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न जनपदों में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था से परियोजनाओं की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित होगी तथा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बाढ़ सुरक्षा कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि वर्षा ऋतु में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के समय प्रमुख अभियंता (परिकल्प एवं नियोजन) श्री अशोक कुमार सिंह, मुख्य अभियंता श्री सुभाष सिंह सहित सूचना प्रणाली संगठन के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को विभाग द्वारा विकसित वेबसाइट की कार्यप्रणाली एवं तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी।

समीक्षा के दौरान जलशक्ति मंत्री को बाढ़ प्रबंधन सूचना प्रणाली केंद्र के कार्यों के संबंध में भी अवगत कराया गया। बताया गया कि वर्षाकाल में यह केंद्र प्रतिदिन नदी बेसिन के 11 गेज स्थलों पर जलस्तर का पूर्वानुमान जारी करता है। साथ ही सैटेलाइट इमेज के माध्यम से तटबंधों की स्थिति का आकलन कर मानसून के बाद एंबैंकमेंट एडवाइजरी भी जारी की जाती है।

जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ पूर्वानुमान प्रणाली में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए तथा अब तक किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से बाढ़ से होने वाले नुकसान को न्यूनतम करना और जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तकनीक आधारित एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली को प्राथमिकता दे रही है, जिससे जनहित एवं विकास कार्यों की सतत और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो रही है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------