Tuesday, July 21, 2026
Latest:
Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में एम.एससी. बायोइन्फॉर्मेटिक्स एवं कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी प्रवेश हेतु काउंसलिंग 24 जुलाई को


बरेली, 20 जुलाई । महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के विश्वविद्यालय परिसर स्थित बायोइन्फॉर्मेटिक्स एवं कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एम.एससी. बायोइन्फॉर्मेटिक्स एवं कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) में प्रवेश हेतु काउंसलिंग 24 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे बायोइन्फॉर्मेटिक्स एवं कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी विभाग में आयोजित की जाएगी।
विभागाध्यक्ष ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में एम.एससी. बायोइन्फॉर्मेटिक्स एवं कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करने वाले सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर विभाग में उपस्थित होना होगा। प्रवेश प्रक्रिया ओपन रैंक एवं मेरिट के आधार पर संपन्न होगी तथा आरक्षण का लाभ उत्तर प्रदेश शासन के प्रचलित नियमों के अनुसार प्रदान किया जाएगा।
काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को समर्थ (Samarth) पोर्टल पर भरे गए ऑनलाइन आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित प्रति, सभी मूल अंकपत्र एवं प्रमाण-पत्र, उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियां, फोटो पहचान-पत्र, तीन पासपोर्ट आकार के नवीनतम रंगीन फोटो तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को वैध जाति प्रमाण-पत्र (ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए नॉन-क्रीमी लेयर घोषणा सहित) एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 का वैध ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर उपेंद्र कुमार ने बताया कि काउंसलिंग के लिए उपलब्ध सीटों की संख्या से लगभग दोगुने अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। अतः केवल काउंसलिंग के लिए आमंत्रित किया जाना प्रवेश की गारंटी नहीं है। प्रवेश पूर्णतः मेरिट एवं उपलब्ध सीटों के आधार पर दिया जाएगा तथा सीटें भरते ही प्रवेश प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी।
प्रवेश सुनिश्चित होने पर अभ्यर्थियों को उसी दिन ₹45,000 की प्रवेश शुल्क “फाइनेंस ऑफिसर, महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली” के पक्ष में डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करनी होगी। यदि कोई अभ्यर्थी उसी दिन निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा नहीं करता है, तो उसका प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे 24 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे निर्धारित स्थल पर सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रवेश शुल्क के डिमांड ड्राफ्ट के साथ समय से उपस्थित होकर काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लें।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------