एम.जे.पी.रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित

बरेली,01अगस्त। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के गोल्डन जुबली गेट के निकट वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने पौधारोपण कर किया।
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि एम.जेपी. रोहिलखंड विश्वविद्यालय को हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर के रूप में विकसित करने के लिए ऐसे अभियान निरंतर संचालित किए जाएंगे।

कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. उपेन्द्र कुमार ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने तथा जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान फलदार, छायादार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय के शिक्षकगण ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पौधों के संरक्षण एवं विश्वविद्यालय परिसर को और अधिक हरित बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार , परीक्षा नियंत्रक डॉ अनिल यादव, श्री दीपक राणा , डॉ गुफरान खान ,श्री अनिल साहनी , और कृषि एवं प्रौद्योगिकी संकाय के शिक्षक और कर्मचारी उपस्थिति थे

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
