Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

बहराइच में आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल का निरीक्षण अभियान, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर सख्ती

बहराइच: देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने शुक्रवार को बहराइच के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान विभिन्न विकास और निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय इंदिरा उद्यान में नवनिर्मित सिंथेटिक पाथ-वे का उद्घाटन किया और कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई कर आमजन, कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याएं सुनीं। आयुक्त ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

113 लाख की लागत से बने 460 मीटर सिंथेटिक पाथ-वे का उद्घाटन

आयुक्त ने राजकीय इंदिरा उद्यान में विनियमित क्षेत्र के अंतर्गत 113 लाख रुपये की लागत से निर्मित 460 मीटर लंबे सिंथेटिक पाथ-वे का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ पार्क का निरीक्षण कर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पार्क की बेहतर साफ-सफाई पर आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिए कि उद्यान को आकर्षक, उपयोगी और सभी वर्गों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए। साथ ही पार्क की स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि सिंथेटिक पाथ-वे बनने से पार्क में आने वाले लोगों को टहलने और भ्रमण में सुविधा होगी। पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए अलंकृत पौधों के साथ शोभाकार और सुगंधित पुष्पों के पौधे भी लगाए जाएंगे। आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल की सुविधा के लिए पार्क में आरओ की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

सड़क और तटबंध निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

आयुक्त ने राज्य योजना के तहत 5059.15 लाख रुपये की लागत से बहराइच-फैजाबाद-आजमगढ़ मार्ग यानी एसएच-30 के विभिन्न हिस्सों में करीब 18 किलोमीटर लंबाई के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया।

इसके अलावा उन्होंने 636.50 लाख रुपये की लागत से घाघरा नदी के बाएं तट पर बेलहा-बेहरौली तटबंध के किलोमीटर 40.100 पर 450 मीटर लंबे स्पर निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। मौके पर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।

-------------------------------------------------------------------------------------------

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मैनपावर लगाकर काम निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बाढ़ से बचाव के लिए तटबंधों की निगरानी के निर्देश

बेलहा-बेहरौली तटबंध के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बाढ़ से बचाव को लेकर तटबंधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और तटबंधों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

संध्या संवाद में ग्रामीणों से सीधा संवाद

इसके बाद आयुक्त ने विकासखंड चित्तौरा के ग्राम अहिरोरा में संध्या संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। अधिकारियों को पात्र लोगों तक विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और पुरुषों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। बच्चों को स्टडी टेबल भी वितरित किए गए। स्टडी टेबल मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। आयुक्त ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की।

---------------------------------------------------------------------------------------------------