Friday, July 31, 2026
Latest:
Top Newsदेश

पीएम मोदी के कथित मॉर्फ्ड वीडियो पर बड़ा एक्शन, मेटा इंडिया प्रमुख समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर केस दर्ज

हैदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथित मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के मामले में हैदराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कथित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले कई सोशल मीडिया अकाउंट्स के साथ मेटा इंडिया के प्रमुख को भी दो अलग-अलग मामलों में सह-आरोपी बनाया है। यह कार्रवाई भाजपा समर्थकों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर की गई है। पुलिस की जांच उन लोगों तक भी पहुंची है, जिन्होंने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन से जुड़े कथित आपत्तिजनक कंटेंट साझा किए थे।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रतिनिधियों ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई नहीं करने के अपने आश्वासन का पालन नहीं किया।

दो अलग-अलग एफआईआर में दर्ज हुआ मामला

हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। दोनों मामलों में सोशल मीडिया अकाउंट्स संचालित करने वाले अज्ञात लोगों के साथ मेटा इंडिया के प्रमुख को भी सह-आरोपी बनाया गया है।

भारत में मेटा इंडिया के प्रबंध निदेशक और कंट्री हेड अरुण श्रीनिवास हैं, जिन्होंने 1 जुलाई 2025 को यह पद संभाला था।

मेटा को भेजा गया नोटिस, आरोपियों की तलाश जारी

जांच अधिकारियों के अनुसार, दर्ज मामलों और संबंधित आपत्तिजनक लिंक के संबंध में मेटा को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।

भाजपा समर्थकों की शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई

पहली शिकायत तेलंगाना भाजपा की सोशल मीडिया कोर कमेटी के सदस्य टी. साईकिरण गौड़ ने दर्ज कराई। उन्होंने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उपलब्ध 20 कथित आपत्तिजनक लिंक पुलिस को सौंपे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथित मॉर्फ्ड वीडियो होने का आरोप लगाया गया।

शिकायत में कहा गया कि इस प्रकार की सामग्री प्रधानमंत्री का अपमान करने के साथ-साथ ऐसे कथित नैरेटिव को बढ़ावा देती है, जो देश की संप्रभुता, अखंडता और सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। शिकायतकर्ता ने इस सामग्री को मंच पर उपलब्ध रहने देने के लिए मेटा के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

दूसरी शिकायत में अन्य नेताओं का भी उल्लेख

दूसरी शिकायत नामपल्ली निवासी भाजपा समर्थक एस. अरविंद रेड्डी ने दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ इंस्टाग्राम हैंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जुड़ी कथित अश्लील, अपमानजनक और डिजिटल रूप से संपादित सामग्री लगातार प्रसारित कर रहे हैं।

शिकायत में कहा गया कि ऐसी सामग्री से लोगों के बीच भ्रामक जानकारी फैलने की आशंका है। उन्होंने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स और मेटा इंडिया के प्रमुख के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कार्रवाई के बाद निष्क्रिय हुए विवादित लिंक

पुलिस की ओर से मामला दर्ज किए जाने के बाद कार्रवाई का असर भी देखने को मिला। गुरुवार शाम तक शिकायतों में शामिल सभी कथित विवादित और आपत्तिजनक लिंक निष्क्रिय हो चुके थे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------