Top Newsउत्तर प्रदेश

CM योगी का बड़ा फैसला: भदरसा अब कहलाएगा ‘भरत नगर’, भगवान राम के अनुज भरत की तपोभूमि को मिली नई पहचान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अयोध्या जिले के भदरसा कस्बे का नाम बदलकर ‘भरत नगर’ कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस फैसले के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। सरकार का कहना है कि यह निर्णय भगवान श्रीराम के अनुज भरत की तपोभूमि से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

भरत जी की तपोभूमि से जुड़ा है क्षेत्र का इतिहास

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के दौरान उनके अनुज भरत ने अयोध्या का राजसिंहासन स्वीकार नहीं किया। चित्रकूट से श्रीराम की चरण पादुका लेकर लौटने के बाद उन्होंने नंदीग्राम में तपस्वी जीवन बिताया और उन्हीं की खड़ाऊं को सिंहासन पर स्थापित कर पूरे राज्य का संचालन किया। आज यही स्थान भरत कुंड के नाम से प्रसिद्ध है और नया नाम मिला भरत नगर इसी पवित्र क्षेत्र के निकट स्थित है।

स्थानीय मान्यताओं में हमेशा जीवित रही भरत की पहचान

स्थानीय परंपराओं के अनुसार, वर्तमान भदरसा का मूल संबंध भरत जी से माना जाता है। मान्यता है कि प्राचीन काल में यह क्षेत्र ‘भरत-वास’, ‘भरत-स्थान’ या ‘भरत-दशा’ जैसे नामों से जाना जाता था। समय के साथ भाषाई बदलाव और स्थानीय उच्चारण के कारण इसका नाम बदलते-बदलते ‘भदरसा’ प्रचलित हो गया।

मध्यकाल में बदली पहचान, अब मिला पुराना गौरव

जानकारों के अनुसार, मध्यकाल और नवाबी शासन के दौरान कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के नाम प्रशासनिक अभिलेखों में परिवर्तित हो गए थे। इसी दौरान ‘भदरसा’ नाम सरकारी रिकॉर्ड में स्थापित हो गया, जिससे इस क्षेत्र का भरत जी से जुड़ा प्रत्यक्ष संबंध धीरे-धीरे धुंधला पड़ने लगा। अब राज्य सरकार ने इसका नाम बदलकर ‘भरत नगर’ कर ऐतिहासिक पहचान को फिर से स्थापित करने का प्रयास किया है।

धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

प्रदेश सरकार का मानना है कि नाम परिवर्तन से इस क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी। साथ ही ‘भरत नगर’ और ‘भरत कुंड’ क्षेत्र को प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और क्षेत्र का समग्र विकास हो।

सनातन विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल

सरकार का कहना है कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थलों की मूल पहचान को संरक्षित करना उसकी प्राथमिकता है। ‘भदरसा’ का नाम बदलकर ‘भरत नगर’ किए जाने का उद्देश्य भी आने वाली पीढ़ियों को भगवान भरत के त्याग, मर्यादा, भाईचारे और आदर्श जीवन से जोड़ना है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------