Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

थाना समाधान दिवस में पहुंचे डीआईजी अशोक कुमार, फरियादियों की सुनी समस्याएं; समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

गोंडा। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनपद गोंडा के कर्नलगंज थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी अशोक कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवादों सहित जनहित से जुड़े मामलों का तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत का निस्तारण केवल औपचारिकता पूरी करने के उद्देश्य से न किया जाए, बल्कि प्रत्येक मामले की तथ्यात्मक जांच कर शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें तथा प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीआईजी ने उपस्थित अधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी भी ली और जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------