गोंडा-बरुआचक रेलखंड पर बड़ा हादसा, ट्रैक मरम्मत के दौरान पटरी उछली; दो रेलकर्मियों समेत छह घायल

गोंडा। गोंडा-बरुआचक रेलखंड पर रविवार को रेलवे ट्रैक की मरम्मत और लाइन बहाली के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक में अत्यधिक तनाव (स्ट्रेस) के कारण लोहे की भारी रेल पटरी अचानक तेज झटके के साथ उछल गई, जिसकी चपेट में आकर दो रेलकर्मियों समेत ठेकेदार के चार कर्मचारी घायल हो गए।

हादसे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर पवन कुमार, अवधेश दूबे सहित कुल छह लोग घायल हुए। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और सभी घायलों को उपचार के लिए रेलवे चिकित्सालय पहुंचाया गया।
रेलवे चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. दीपक मोर ने बताया कि पवन कुमार के चेहरे और पैर में चोटें आई हैं, जबकि अवधेश दूबे भी घायल हुए हैं। दोनों का एक्स-रे कराया गया, जिसमें किसी भी प्रकार की हड्डी टूटने की पुष्टि नहीं हुई। अन्य घायल कर्मचारियों का भी अस्पताल में उपचार किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एनई रेलवे मजदूर यूनियन के शाखा मंत्री योगेश शर्मा, संजय नेता सहित यूनियन के कई पदाधिकारी रेलवे चिकित्सालय पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने कर्मचारियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
फिलहाल रेलवे प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक में अत्यधिक तनाव के कारण रेल पटरी के अचानक उछलने को हादसे की वजह माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
