ब्लैक बेल्ट हासिल करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान, मंडलायुक्त ने बढ़ाया हौसला; बेटियों को आत्मरक्षा के लिए किया प्रेरित

गोंडा: ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ब्लैक बेल्ट की उपाधि हासिल करने वाले गोंडा जनपद के होनहार खिलाड़ियों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पदक और पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
कार्यक्रम के दौरान मंडलायुक्त ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सशक्त जरिया है।
बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए किया प्रेरित
मंडलायुक्त ने विशेष रूप से बालिकाओं को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लड़कियां आत्मरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक बनें और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा का प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन की सराहना
दुर्गा शक्ति नागपाल ने गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था के प्रभावी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के कारण जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का आह्वान

कार्यक्रम में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के साथ ही मंडलायुक्त ने उनकी भविष्य की योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने का आह्वान किया।
इन खिलाड़ियों को मिला सम्मान
ब्लैक बेल्ट प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में अर्णव सोनी, अथर्व राज सोनी, नैतिक तिवारी, प्रांजल पांडेय, अंकुर आर्या, मोबीन, पुष्कर शुक्ला, कुशाग्र शर्मा, निर्भय शेखर तिवारी, राम मिश्रा, अरहम मंजूर, शौर्य गुप्ता, शिवांश मिश्रा, प्रमुदित राजपाल, सौम्य सिंह राणा, अभ्युदय सिंह, संभव प्रकाश, आशीष आर्या, अनमोल शुक्ला, अभिषेक सिंह मांझी और नवनीत सिंह शामिल रहे।
वहीं बालिका वर्ग में अक्षिता सिंह, ज्योति चौधरी, आराध्या गुप्ता, वैभवी सिंह, नैना उपाध्याय, अनुष्का गुप्ता, कृषा श्रीवास्तव, अनन्या सिंह, मान्या गुप्ता, स्नेह मिश्रा और श्रद्धा गुप्ता को सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षकों को भी मिला सम्मान
ताइक्वांडो खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षक देवेंद्र शर्मा और संदीप चौहान को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला क्रीड़ा अधिकारी रंजीत राज, गोंडा ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारी संतोष गुप्ता तथा एसोसिएशन के सचिव डॉ. प्रत्यूष राज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंडलायुक्त का आभार व्यक्त किया।
