कोविड में माता-पिता खो चुके युवक को मिली ₹10 लाख की बड़ी मदद, डीएम प्रियंका निरंजन ने सौंपा चेक
गोण्डा: कोविड-19 महामारी के दौरान माता-पिता दोनों को खो चुके एक युवक को केंद्र सरकार की पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के तहत ₹10 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सोमवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने लाभार्थी को चेक सौंपते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य ऐसे बच्चों को आर्थिक सुरक्षा देकर उनका भविष्य मजबूत करना है।
पीएम केयर्स योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित और महिला कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत कोविड के कारण अनाथ हुए बच्चों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता फिक्स डिपॉजिट के रूप में जमा कराई जाती है। इस वर्ष करनैलगंज विकास खंड के एक लाभार्थी के 23 वर्ष पूरे होने पर उसे ₹10 लाख का चेक प्रदान किया गया।
लाभार्थी ने जताया आभार, कहा- इस मदद ने भविष्य को दी नई दिशा
चेक प्राप्त करने के बाद लाभार्थी ने प्रधानमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उसने कहा कि योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय सुरक्षा के रूप में मिला सहयोग उसके भविष्य की मजबूत नींव साबित हुआ है। उसने भरोसा दिलाया कि इस सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए वह एक सफल और जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रयास करेगा।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत चार बच्चों को भी मिला लाभ
-------------------------------------------------------------------------------------------
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत चार बच्चों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को समयबद्ध सहायता और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा, संरक्षण अधिकारी चंद्रमोहन वर्मा, संरक्षण अधिकारी नेहा श्रीवास्तव, आंकड़ा विश्लेषक शिवगोविंद वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


