Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय की शोधार्थी शुभी अग्रवाल को पीएच.डी. उपाधि


बरेली,27 जुलाई । महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू), बरेली के व्यवसाय प्रशासन विभाग की शोधार्थी डॉ. शुभी अग्रवाल को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की गई है। यह उपलब्धि उनके उत्कृष्ट शोध कार्य, अकादमिक समर्पण एवं नवाचार आधारित अध्ययन का परिणाम है।
डॉ. शुभी अग्रवाल ने अपना शोधकार्य व्यवसाय प्रशासन विभागाध्यक्ष एवं शोध निर्देशक प्रो. त्रिलोचन शर्मा के निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया। उनके शोध प्रबंध का विषय “इन्क्यूबेशन सेंटरों का स्टार्टअप्स की स्थिरता पर प्रभाव” (Impact of Incubation Centres on Startup Sustainability) से संबंधित है। शोध में उद्यमिता विकास, स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र (Startup Ecosystem), नवाचार, व्यवसाय संवर्धन तथा इन्क्यूबेशन केंद्रों की भूमिका का व्यापक एवं विश्लेषणात्मक अध्ययन किया गया है। साथ ही, शोध में यह भी रेखांकित किया गया है कि इन्क्यूबेशन केंद्र उभरते उद्यमियों को तकनीकी मार्गदर्शन, परामर्श, संसाधन एवं नेटवर्किंग उपलब्ध कराकर स्टार्टअप्स की दीर्घकालिक सफलता और आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
शोध प्रबंध का मूल्यांकन एवं मौखिक परीक्षा (वाइवा-वोसे) बाह्य विशेषज्ञ प्रो. सुबोध केसरवानी द्वारा संपन्न कराई गई। उन्होंने शोधकार्य की गुणवत्ता, मौलिकता, शोध-पद्धति तथा समकालीन प्रासंगिकता की सराहना करते हुए डॉ. शुभी अग्रवाल को पीएच.डी. उपाधि प्रदान किए जाने की संस्तुति की।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष एवं शोध निर्देशक प्रो. त्रिलोचन शर्मा ने डॉ. शुभी अग्रवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनका शोध स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन पारिस्थितिकी तंत्र के क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होगा तथा नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं के लिए भी मार्गदर्शक साबित होगा।
डॉ. शुभी अग्रवाल की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह, व्यवसाय प्रशासन विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल शैक्षणिक, शोध एवं व्यावसायिक भविष्य की कामना की।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

-------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------