TMC नेता शौकत मोल्ला के ठिकानों पर NIA की बड़ी छापेमारी, बम धमाके मामले में जांच तेज
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले हुए बम विस्फोट मामले की जांच ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार सुबह तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के ठिकानों पर दबिश दी है। दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग स्थित जीवनतल्ला इलाके में हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
भारी सुरक्षा के बीच कई ठिकानों पर तलाशी अभियान

सूत्रों के अनुसार, एनआईए की टीम ने सुरक्षा बलों के साथ शौकत मोल्ला के आवास, उनके रेस्तरां और पास में स्थित पार्टी कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है।
घर पर नहीं मिले शौकत मोल्ला, परिवार से पूछताछ
छापेमारी के दौरान शौकत मोल्ला घर पर मौजूद नहीं थे। हालांकि, जांच एजेंसी ने उनके बेटे इमरान मोल्ला से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें उनकी पत्नी और बेटी शामिल हैं, घर में मौजूद बताए जा रहे हैं।
बम धमाके से जुड़ा है पूरा मामला
एनआईए की यह कार्रवाई भांगड़ क्षेत्र के दक्षिण बामुनिया इलाके में हुए बम धमाके से जुड़ी बताई जा रही है। यह घटना विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

जांच में कई पहलुओं की पड़ताल
जांच एजेंसी इस मामले में विस्फोट की साजिश, इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। हालांकि एनआईए की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है और कई अहम कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
राजनीतिक सरगर्मी तेज
इस कार्रवाई के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी हलचल बढ़ गई है। चुनावी माहौल के बीच हुई इस छापेमारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
