एमजेपी रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय डिजिटल उपलब्धि के साथ देश के शीर्ष 6 संस्थानों में शामिल

बरेली,16जून। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय बरेली ने डिजिटल शिक्षा एवं छात्र सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के DigiLocker National Academic Depository (NAD) पोर्टल पर उपलब्ध नवीनतम संस्थागत प्रदर्शन सूची के अनुसार, विश्वविद्यालय देश के शीर्ष 6 संस्थानों में स्थान पाने में सफल रहा है।

DigiLocker-NAD पर विश्वविद्यालय के 71 लाख से अधिक शैक्षणिक अभिलेख (Academic Records) सफलतापूर्वक प्रकाशित किए जा चुके हैं, जिससे विद्यार्थियों को अपनी डिग्री, अंकपत्र एवं अन्य दस्तावेज डिजिटल रूप में सुरक्षित एवं सत्यापित रूप से प्राप्त हो रहे हैं। इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने Samarth e-Gov Suite के साथ सफल एकीकरण कर प्रवेश, परीक्षा, छात्र प्रबंधन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूर्णतः ऑनलाइन एवं पारदर्शी बना दिया है।
इस डिजिटल परिवर्तन से विद्यार्थियों को डिजिटल डिग्री की त्वरित उपलब्धता, दस्तावेजों का सुरक्षित संग्रहण, पारदर्शी प्रवेश एवं परीक्षा प्रक्रिया, कागजरहित प्रशासन तथा आसान दस्तावेज सत्यापन जैसे प्रमुख लाभ प्राप्त होंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा:
“यह उपलब्धि डिजिटल उत्कृष्टता और विद्यार्थी-केंद्रित सेवाओं के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। ‘डिजिटल इंडिया’ के सपने को साकार करने की दिशा में यह कदम प्रदेश एवं देश के अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।”

छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं समन्वयक (समर्थ पोर्टल) प्रो. विनय ऋषिवाल ने कहा:
“Samarth और DigiLocker के सफल एकीकरण से अब प्रत्येक छात्र को उसकी डिग्री और अंकपत्र सुरक्षित, सत्यापित एवं तुरंत डिजिटल रूप में उपलब्ध हो रहे हैं। यह पारदर्शिता और कागजरहित प्रशासन की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। सभी छात्र इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएँ।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए सभी छात्रों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
