गोंडा में सपा का शक्ति प्रदर्शन, सूरज सिंह के नेतृत्व में निकली जन-आक्रोश पदयात्रा; 22 सूत्रीय मांगों पर डीएम को सौंपा ज्ञापन

गोंडा: समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर सोमवार को गोंडा में सपा नेता सूरज सिंह के नेतृत्व में जन-आक्रोश पदयात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च करते हुए विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को 22 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।

हजारों कार्यकर्ताओं के साथ निकली पदयात्रा
जन-आक्रोश पदयात्रा की शुरुआत नगर कोतवाली के पास स्थित एक निजी होटल से हुई। हजारों की संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और समाजवादी पार्टी के झंडे लेकर डीजे के साथ कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नारे लगाए और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
इन मुद्दों को लेकर सौंपा 22 सूत्रीय ज्ञापन
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खाद की उपलब्धता, रसोई गैस सिलेंडर की समस्या, शहर में जलभराव, बिजली आपूर्ति, जर्जर ट्रांसफार्मरों की स्थिति, पुलिस उत्पीड़न, सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं, बजाज चीनी मिल द्वारा गन्ना भुगतान, सीवर लाइन, नगर में जाम और अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े आदेश का भी विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शन के दौरान लगे विभिन्न नारे
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने कई मुद्दों को लेकर नारे लगाए। शिक्षा, कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और पेपर लीक जैसे विषयों को लेकर भी प्रदर्शनकारियों ने अपनी आवाज बुलंद की। पूरे मार्च के दौरान कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे।
-------------------------------------------------------------------------------------------
सूरज सिंह ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन के दौरान सपा नेता सूरज सिंह ने कहा कि किसानों को खाद, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उत्पीड़न, सरकारी अस्पतालों की अव्यवस्थाएं, गन्ना भुगतान में देरी और बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी जनता के साथ खड़ी है।
सूरज सिंह ने यह भी कहा कि यदि समाजवादी कार्यकर्ताओं के खिलाफ गलत तरीके से मुकदमे दर्ज किए जाते हैं तो भविष्य में उनकी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सरकार पर विभिन्न मामलों को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व एमएलसी रणविजय सिंह, पूर्व एमएलसी महफूज खान सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने जनसमस्याओं के समाधान की मांग करते हुए व्यापक जनसमर्थन के साथ आंदोलन जारी रखने की बात कही।

