लगातार तीसरे वर्ष मैक्लियोड्स द्वारा गोयल समूह संस्थानों में भव्य चयन, 39 विद्यार्थियों को मिली सफलता

लखनऊ। अयोध्या रोड स्थित गोयल समूह संस्थानों के परिसर में 17 फरवरी 2026 को देश की सातवीं रैंक की प्रतिष्ठित औषधि निर्माण कंपनी मैक्लियोड्स फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड द्वारा चयन प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब मैक्लियोड्स ने गोयल समूह संस्थानों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का चयन किया है, जो संस्थानों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं उद्योग जगत में बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
संस्थान के प्रबंध निदेशक इं. महेश गोयल के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डी.फार्म, बी.फार्म, एम.फार्म तथा जैव प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कंपनी की ओर से गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पादन एवं अन्य विभागों हेतु चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। विद्यार्थियों का चयन लिखित मूल्यांकन एवं साक्षात्कार के आधार पर किया गया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के उपरांत कुल 39 विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त हुई, जिससे संस्थानों में हर्ष का वातावरण है।

चयन प्रक्रिया प्रारंभ होने से पूर्व कंपनी के प्रतिनिधियों — श्री अमरीक सिंह (नोडल प्रमुख, उत्कृष्टता केंद्र एवं सहायक महाप्रबंधक-मानव संसाधन विकास), श्री निश्चय (वरिष्ठ कार्यकारी-द्वितीय, उत्कृष्टता केंद्र) तथा श्री विजय कुमार (वरिष्ठ कार्यकारी-द्वितीय, मानव संसाधन विकास) — ने विद्यार्थियों को कंपनी का विस्तृत परिचय देते हुए कार्यप्रणाली, उन्नति के अवसरों एवं भर्ती संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं एवं अपेक्षित कौशलों पर भी प्रकाश डाला।
गोयल इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड साइंसेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) ओ. पी. वर्मा तथा गोयल इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज के निदेशक प्रो. (डॉ.) करुणा शंकर शुक्ला ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे उनकी मेहनत एवं संस्थानों की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था का परिणाम बताया।


