बीबीएयू का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त को, दो चरणों में होगा आयोजन; पीएचडी और गोल्ड मेडलिस्ट को मुख्य समारोह में मिलेगी उपाधि
![]()
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। वर्ष 2023, 2024, 2025 और 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए होने वाले इस समारोह को बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों की सहभागिता को देखते हुए दो चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विस्तृत व्यवस्थाएं की हैं।

पहला चरण अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में होगा
विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार दीक्षांत समारोह का पहला चरण सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित होगा। इस चरण में पीएचडी और गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी।
मुख्य समारोह के दौरान मंच पर प्रत्येक वर्ष के विश्वविद्यालय टॉपर और आर. डी. सोनकर अवार्ड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी उपाधि प्रदान की जाएगी। समारोह में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से वैध दीक्षांत पास जारी किया जाएगा।
अन्य विद्यार्थियों को विभागों में मिलेगी उपाधि
दीक्षांत समारोह का दूसरा चरण दोपहर 2 बजे से विद्यार्थियों के संबंधित विभागों में आयोजित किया जाएगा। पंजीकृत अन्य विद्यार्थियों को उनकी उपाधियां इसी चरण में प्रदान की जाएंगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विभागाध्यक्षों को उपाधि प्राप्तकर्ताओं और अन्य अधिकृत प्रतिभागियों के लिए पर्याप्त एवं उचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थी निर्धारित समय पर उपाधि वितरण कार्यक्रम में शामिल हो सकें।
दीक्षांत पास के सत्यापन के बाद ही मिलेगा प्रवेश
-------------------------------------------------------------------------------------------
दीक्षांत समारोह के दौरान सुरक्षा और अनुशासन को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। दोपहर 1 बजे के बाद संबंधित विभागों में प्रवेश केवल पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही दिया जाएगा। इसके लिए उनके दीक्षांत पास और पहचान का अनिवार्य सत्यापन किया जाएगा।
सभी समितियों और विभागों को समन्वय के निर्देश
विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित विभागों, फूड कमेटी, सुरक्षा अधिकारी और सैनिटेशन प्रभारी को आपसी समन्वय के साथ दोनों चरणों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। समारोह में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया है।
तय समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश
परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, समिति सदस्यों और विभागाध्यक्षों से अधिसूचना में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। साथ ही निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि दो चरणों में समारोह आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों की बड़ी संख्या को देखते हुए उपाधि और पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु तरीके से पूरा करना है।

