Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जनसुनवाई रैंकिंग में बरेली की बड़ी छलांग, प्रदेश में छठा स्थान

 

बरेली, 10 मई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के कुशल मार्गदर्शन में जनपद बरेली ने माह अप्रैल की जनसुनवाई रैंकिंग में प्रगति करते हुए प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त किया है।

यह उपलब्धि माह मार्च में प्राप्त दसवें स्थान की तुलना में महत्वपूर्ण सुधार को दर्शाती है। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का यह सकारात्मक परिणाम है।

तहसीलवार रैंकिंग में भी जनपद की विभिन्न तहसीलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जिसमें तहसील बहेड़ी, सदर, फरीदपुर तथा मीरगंज ने प्रभावी जनसुनवाई और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आधार पर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार तथा जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------