डीप-टेक इनोवेशन को बढ़ावा देने की दिशा में बीबीएयू की पहल, शोध परियोजनाओं और प्रस्तावों पर हुआ मंथन

लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में 18 अगस्त को इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के संरक्षण में लेबोरेशन एंड कम्युनिटी कमेटी एवं रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में ‘डीप-टेक इनोवेशन चैलेंज’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान के प्रो. आर.डी. त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के निदेशक प्रो. शिशिर कुमार, समाजशास्त्र विभाग के प्रो. प्रशांत कुमार त्रिवेदी, प्रो. संतोष कुमार, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. लता बाजपेई सिंह एवं डॉ. कृष्ण मुरारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं बाबासाहेब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय कुलगीत का गायन किया गया। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों एवं शिक्षकों को पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. शिशिर कुमार ने उपस्थित अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए आयोजन के उद्देश्य और रूपरेखा की जानकारी दी। इसके बाद प्रतिभागियों ने वर्तमान में संचालित अनुसंधान परियोजनाओं एवं शोध प्रस्तावों को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया।
प्रतिभागियों ने अपने शोध विषय, उद्देश्य, शोध पद्धति, अब तक हुई प्रगति तथा संभावित निष्कर्षों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रस्तुतियों के बाद विशेषज्ञों ने शोध कार्यों का मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों से संवाद किया और शोध को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

विशेषज्ञों ने शोध विषय की प्रासंगिकता, आंकड़ों के उचित उपयोग, शोध पद्धति, परिणामों की स्पष्टता और अनुसंधान के व्यावहारिक प्रभाव सहित विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। इस दौरान शोध प्रस्तावों एवं परियोजनाओं में आवश्यक सुधार तथा अनुसंधान को नवीन और परिणामोन्मुख दिशा देने के संबंध में भी सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अपने शोध कार्य की कमियों को समझने, नए दृष्टिकोण विकसित करने तथा विशेषज्ञों के अनुभव से सीखते हुए अनुसंधान को और मजबूत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। डॉ. लता बाजपेई सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रबंध अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा सहित अन्य शिक्षक, शोधार्थी, प्रतिभागी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
