जनपद बरेली से कृषि निर्यात को बढ़ावा देने हेतु क्लस्टर सुविधा इकाई की बैठक आयोजित

बरेली 12 मई । जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद बरेली से कृषि निर्यात को प्रोत्साहित करने, निर्यात संबंधी संभावनाओं को बढ़ावा देने तथा निर्यातकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिला स्तरीय क्लस्टर सुविधा इकाई की बैठक कल कलेक्ट सभागार में संपन्न हुई ।
बैठक के दौरान ज्येष्ठ कृषि विपणन निरीक्षक श्री सोमपाल सिंह यादव द्वारा उत्तर प्रदेश कृषि निर्यात नीति के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कृषि निर्यात उन्मुख क्लस्टर निर्माण हेतु पंजीकरण एवं निर्यात दायित्व पूर्ण करने पर विकास खण्ड की सीमा में प्रथम 50 हेक्टेयर से 100 हेक्टेयर क्षेत्र तक 05 वर्षों में रु. 10 लाख तक का प्रोत्साहन तथा प्रत्येक अतिरिक्त 50 हेक्टेयर क्षेत्र वृद्धि पर रु. 06 लाख अतिरिक्त प्रोत्साहन प्रदान किया जाता है। योजना के अंतर्गत कुल उत्पादन का न्यूनतम 30 प्रतिशत निर्यात किया जाना अनिवार्य है।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि क्लस्टर के निकट स्थापित नई प्रसंस्करण इकाइयों, पैक हाउस, शीतगृह एवं राइपनिंग चैम्बर आदि द्वारा नीति में सम्मिलित कृषि जिंसों का क्रय एवं निर्यात किए जाने पर रु. 25 लाख अथवा निर्यात टर्नओवर का 10 प्रतिशत, जो भी कम हो, तक का प्रोत्साहन अनुमन्य है। इसके अतिरिक्त कृषि उत्पादों एवं प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों के निर्यात हेतु वास्तविक भाड़े का 25 प्रतिशत, अधिकतम रु. 20 लाख प्रति निर्यातक/फर्म प्रतिवर्ष परिवहन अनुदान के रूप में देय होने की जानकारी भी प्रदान की गई।
बैठक में किसान समूहों एवं प्रगतिशील कृषकों हेतु GOOD AGRICULTURAL PRACTICES (GAP) प्रमाणीकरण, ऑर्गेनिक प्रमाणीकरण तथा MRL (Maximum Residue Level) परीक्षण पर देय प्रतिपूर्ति सुविधाओं के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह अवगत कराया गया कि निर्यातकों एवं एफपीओ को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय ट्रेड फेयर में “यू०पी० पवेलियन” के माध्यम से निःशुल्क प्रतिभाग कराया जा रहा है।
बैठक में उपस्थित निर्यातकों द्वारा कृषि उत्पादों के निर्यात में आ रही विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं जैसे गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग, परिवहन, प्रमाणन, विपणन एवं विभागीय समन्वय संबंधी विषयों को जिलाधिकारी महोदय के समक्ष रखा गया। इस पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्यातकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि कृषि निर्यात को बढ़ावा देने हेतु विभागीय समन्वय, गुणवत्तायुक्त उत्पादन, आधुनिक पैकेजिंग एवं अंतर्राष्ट्रीय मानकों का अनुपालन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही एफपीओ एवं कृषकों को निर्यात गतिविधियों से अधिकाधिक जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा संबंधित विभागों को निर्यातकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने, आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने तथा निर्यात प्रक्रियाओं को सरल एवं सुगम बनाने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


बैठक में जनपद से कृषि निर्यात बढ़ाने एवं किसानों की आय में वृद्धि हेतु समन्वित प्रयास किए जाने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर कृषि निर्यात से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी, निर्यातक तथा एफ.पी.ओ/ प्रतिनिधि निर्यातक श्री निहाल सिंह, श्री मोहम्मद शाहिर, श्री निहाल सिंह, प्रगतिशील कृषक श्री रामवीर सिंह, विभिन्न एफपीओ प्रतिनिधि तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे । बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
