“स्वच्छ और हरित बड़ा मंगल” के संकल्प के साथ, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया के आवास पर हुई महत्वपूर्ण बैठक

लखनऊ: राजधानी लखनऊ की ऐतिहासिक परंपरा ‘बड़ा मंगल’ को इस वर्ष ‘स्वच्छ और हरित’ स्वरूप देने के संकल्प के साथ आज पूर्व महापौर एवं मंगलमान अभियान की संरक्षिका श्रीमती संयुक्ता भाटिया के आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा ‘मंगल महोत्सव-2026’ के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन (लॉन्च) भी किया गया।

बर्तन बैंक और जन-जागरूकता पर जोर
बैठक को संबोधित करते हुए श्रीमती संयुक्ता भाटिया ने अभियान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आह्वान किया कि लखनऊ का प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के कम से कम 10 भंडारा आयोजकों से संपर्क कर उन्हें ‘मंगलमान आग्रह’ से जोड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष किसी भी भंडारे में पॉलिथीन या थर्माकोल का उपयोग न हो, यही हमारा प्राथमिक लक्ष्य है।
नया इतिहास रचेगा बड़ा मंगल
अभियान के संयोजक डॉ. रामकुमार तिवारी ने बताया कि इस बार का बड़ा मंगल एक नया इतिहास लिखने जा रहा है। उन्होंने कहा कि “अखिल भारतीय पर्यावरण गतिविधि के संयोजक श्री गोपाल आर्य जी के मार्गदर्शन में बैठकों का क्रम जारी है। हम प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर इसे पूरी दुनिया में ‘स्वच्छता और पर्यावरण अनुकूलता’ की नई पहचान दिलाएंगे।” श्री प्रशांत भाटिया ने बताया कि कोई भी व्यक्ति भंडारा करने के लिए हमारे बर्तन बैंक से स्टील के प्लेट्स और ग्लास ले सकता है। उन्होंने सभी से मिलकर बड़ा मंगल के महोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया।
वार्ड स्तर पर समन्वय और आगामी कार्यक्रम
बैठक में जानकारी दी गई कि लखनऊ के प्रत्येक वार्ड में ‘बर्तन बैंक’ की स्थापना और जोन स्तर पर समन्वय समितियां बनाई जा रही हैं जो भंडारा आयोजकों और शासन के साथ समन्वय करेगा। यह प्रयास होगा कि जीरो वेस्ट स्वच्छ हरित भंडारे लगे।

23 और 24 अप्रैल: शासन-प्रशासन और गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय बैठकें।
27 अप्रैल: विस्तृत कार्ययोजना हेतु वृहद प्रेस वार्ता।
02 मई: भव्य ‘मंगल महोत्सव’ का शुभारंभ। मंगल संवाद कार्यक्रम से।
05 मई प्रथम बड़ा मंगल का दिन
पूरा ज्येष्ठ मास: स्कूलों में क्विज प्रतियोगिताएं, सीड बॉल वर्कशॉप और सांस्कृतिक आयोजन।
पंजीकरण का आग्रह
श्रीमती संयुक्ता भाटिया ने सभी भंडारा आयोजकों से अपील की है कि वे अपने भंडारों का पंजीकरण वेबसाइट www.mangalman.in पर अवश्य कराएं।
आज की बैठक में मुख्य रूप से श्री गणेश ताम्रकार, ए.पी. श्रीवास्तव, नानकचंद लखमानी, धनंजय गुप्ता, बिंदु जी, अजीत जी, नवल जी सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
