UP Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी से फिर लौटी ठंड, बारिश से होगी फरवरी की विदाई

UP Weather: पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते यूपी में एक बार फिर मौसम बदल रहा है। कई जिलों में रात की ठंडक लौट आई है। सुबह भी सर्दी का एहसास हो रहा है। वैसे मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फरवरी के जाते ही मौसम फिर करवट लेगा लेकिन ये हफ्ता बादलों के साये में गुजरने वाला है। 28 फरवरी तक प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। 26 और 27 फरवरी को प्रदेश में कहीं-कहीं पर बारिश की हल्‍की बौछारें पड़ सकती हैं।

मेरठ सहित वेस्ट यूपी में यह हफ्ता मौसम के हिसाब से सक्रिय होने जा रहा है। वैसे तो रविवार दोपहर बाद से ही मौसम बदलने लगा था। मौसम विभाग के अनुसार अब इस हफ्ते पूरे क्षेत्र में हल्के से मध्यम बादल छाने के आसार हैं। देर शाम तक कुछेक स्थानों पर बौछारें भी गिर सकती हैं। सोमवार को भी बादल और धूप की आंखमिचौली जारी रह सकती हैं। 29 फरवरी से एक मार्च की रात से मैदानों में तेजी से मौसम बिगड़ सकता है। पहाड़ों पर पहुंचने जा रहे पश्चिमी विक्षोभ से पांच मार्च तक मैदान प्रभावित होते रहेंगे। एक से तीन मार्च तक मेरठ सहित मैदानी क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश एवं ओलावृष्टि के आसार हैं। पांच मार्च तक ये मौसमी गतिविधियां जारी रह सकती हैं। वहीं, रविवार को मेरठ में दिन का तापमान 25.2 और रात का 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिन का तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर जबकि रात का सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ।

उत्तर पश्चिमी हवाएं लगातार चलने से कानपुर में रात में बर्फीली सर्दी फिर लौट आई है। अगले 24 घंटों के बाद बदली रहने से अब न्यूनतम पारा चढ़ेगा। दिन में भी गर्मी का अहसास बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि उतार-चढ़ाव भरा मौसम बना रहेगा। पिछले 72 घंटों से न्यूनतम पारा 10 डिग्री या इसकी नीचे चल रहा है। रविवार को न्यूनतम पारा 10 डिग्री रहा जो शनिवार के मुकाबले 2.4 डिग्री अधिक रहा। यह सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस से 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह भी सामान्य से कम रहा।

रात के तापमान में वृद्धि संभव चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 24 घंटों में आसमान साफ रहने की उम्मीद है लेकिन इसके बाद बादल छा सकते हैं। ऐसा अगले कई दिन चल सकता है। इसका असर तापमान पर पड़ेगा। रात के तापमान में वृद्धि संभव है। फिलहाल बारिश के आसार नहीं दिख रहे लेकिन मौसमी बदलाव जारी रहेगा।

उत्तर पश्चिमी हवाएं गिरा रहीं पारा
अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति कम है। रात के तापमान में उतार-चढ़ाव अधिक बना हुआ है। उत्तर पश्चिमी हवाओं और आसमान साफ होने के कारण रात का पारा गिर रहा है और बर्फीली सर्दी का अहसास हो रहा है। पर अब हवा की दिशा फिर बदलने लगी है। उत्तर पूर्वी हवाएं चलने लगी हैं। यदि यह हवाएं लगातार चलती हैं तो मौसम में बदलाव फिर नजर आ सकता है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया The Lucknow Tribune के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें... -------------------------
E-Paper