Top Newsउत्तर प्रदेशराज्य

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की करी समीक्षा

 

बरेली, 31 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में योजना की प्रगति एवं बैंकवार ऋण स्वीकृति की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान विभिन्न बैंकों में ऋण स्वीकृति के लिए बड़ी संख्या में आवेदन लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी संबंधित बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि योजना में खराब प्रदर्शन करने वाली शाखाओं के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समीक्षा में योजना की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप न मिलने पर जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को आवश्यक कदम उठाकर लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत किए जाएं, उनकी सूचना तत्काल पोर्टल पर अपडेट की जाए, ताकि योजना की वास्तविक प्रगति का सही आकलन किया जा सके।
बैठक में उपायुक्त उद्योग विकास यादव, एल.डी.एम. सहित समस्त बैंकर्स गण उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

---------------------------------------------------------------------------------------------------