रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के नवीन शैक्षणिक सत्र में अधिकाधिक छात्र- छात्राओं को प्रवेश देने हेतु व्यवस्था में सुधार पर बल

बरेली,17अप्रैल। रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के सभागार में कुलपति प्रोफेसर के.पी. सिंह की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों के हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये। बैठक का मुख्य उद्देश्य नवीन शैक्षणिक सत्र में अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिलाना एवं उन्हें बेहतर सुविधाएँ प्रदान करना था।

बैठक में निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष चर्चा हुई तथा आवश्यक निर्देश जारी किए गए:-
प्रवेश तैयारी :– नवीन सत्र में प्रवेश हेतु सभी तैयारियाँ समय से पूर्ण करने को कहा गया। कुलपति महोदय ने शिक्षकों से प्रवेश बढ़ाने हेतु सुझाव माँगे तथा उन पर कार्य करने का आश्वासन दिया।
कक्षाओं एवं भौतिक सुविधाओं की मरम्मत :– सभी विभागीय कक्षाओं में सफाई, वाटरकूलर, फर्नीचर, लैब, वाशरूम, पंखे, लाइट आदि का निरीक्षण कर तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
टाइम-टेबल एवं कक्षा संचालन :– समय सारणी (टाइम-टेबल) का निर्माण कर उसी के अनुसार कक्षाएँ संचालित करने को कहा गया।
पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण :– पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में पुस्तकें, जर्नल्स आदि उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

तकनीकी सुविधाएँ :– वाई-फाई, प्रोजेक्टर, कंप्यूटर लैब एवं सीसीटीवी कैमरे सभी को शीघ्र क्रियाशील करने के आदेश दिए गए।
छात्रावास व्यवस्था :– हॉस्टल में मेस, सुरक्षा, पानी, शौचालय, फर्नीचर एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनुशासन व्यवस्था ;– विश्वविद्यालय में अनुशासन बनाए रखने हेतु सभी अध्यापकों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
शैक्षणिक कैलेंडर का पालन :– निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार ही समय पर परीक्षाएँ लेने, मूल्यांकन करने एवं परिणाम घोषित करने पर बल दिया गया।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने बैठक में कहा कि विश्वविद्यालय का प्राथमिक उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुविधाएँ देना है। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों से अपने सुझाव देने का आग्रह किया तथा आश्वासन दिया कि हर सुझाव पर गंभीरतापूर्वक विचार कर कार्रवाई की जाएगी।इस बैठक में सभी विभागाध्यक्ष , संकायाध्यक , उप कुलसचिव, वित्त अधिकारी उपस्थित थे
बैठक का समापन कुलसचिव महोदय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
