श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट एवं फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार समापन

बरेली,25 अप्रैल। श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट और श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट में इस बार भी पिछले वर्ष का परिणाम आया। पिछले वर्ष की तरह विद्या वर्ल्ड स्कूल ने एसआर इंटरनेशनल स्कूल को 8 विकेट से हराकर छठी बार श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहीं आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) सीनियर विंग ने डीपीएस को 4-0 गोल से पराजित कर श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल फुटबॉल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। पिछले वर्ष 2025 में श्रीराम मूर्ति मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में जीतने वाली विद्या वर्ल्ड की टीम टूर्नामेंट के दूसरे सीजन में रनर अप थी। उसके बाद तीसरे, चौथे और पांचवें, छठे और अब सातवें सीजन के टूर्नामेंट विद्या वर्ल्ड ने अपना कब्जा बरकरार रखा। मुख्य अतिथि इंडिपेंडेंट स्कूल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट निर्भय बेनीवाल, एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति जी, सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति जी, बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सरफराज वली खां, सचिव सीताराम सक्सेना, ज्वाइंट सेक्रेटरी ओपी कोहली, बरेली फुटबाल संघ के सचिव मून रॉबिंसन, बरेली फुटबाल संघ के ट्रेजरार मनोज कुमार शर्मा, फुटबाल कोच नसीम अख्तर ने विजेता विद्या वर्ल्ड स्कूल और आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) सीनियर विंग को चैंपियंस ट्राफी एवं एसआर इंटरनेशनल स्कूल और डीपीएस बरेली को रनरअप ट्राफी के साथ सभी खिलाड़ियों को भी ट्राफियां प्रदान कीं।
एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति जी ने रनर और विनर दोनों टीमों को बधाई दी और हमेशा अपनी गलतियों से सीख लेकर निरंतर लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा जताया कि यहां खेलने वाले खिलाड़ी एक दिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शामिल कर अपना और बरेली का नाम रौशन करेंगे। इससे पहले एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति ने अतिथियों सहित सभी का टूर्नामेंट में स्वागत किया। उन्होंने टूर्नामेंट के सफलतापूर्वक संचालन के लिए बरेली क्रिकेट एसोसिएशन और बरेली फुटबाल संघ के पदाधिकारियों का धन्यवाद दिया और उनके सहयोग पर आभार जताया। इस अवसर पर टूर्नामेंट की आयोजन समिति के प्रेसिडेंट डॉ.प्रभाकर गुप्ता, ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डा.शोभित सक्सेना और डा.पुष्पेंद्र यादव, विद्या वर्ल्ड के डायरेक्टर हर्षित अग्रवाल, विद्या वर्ल्ड के प्रिंसिपल डा. योहान कुंवर, डीपीएस की प्रिंसिपल ऋतु अरोरा, आर्मी पब्लिक स्कूल सीनियर विंग के फुटबाल कोच राशिद खान, डीपीएस के फुटबाल कोच कौशल पाल, विद्या वर्ल्ड के क्रिकेट कोच विश्वजीत, मोहित यादव, एसआर इंटरनेशनल के कोच राहुल श्रीवास्तव, डा. नितिन सक्सेना, मनीष सिंह, मुहम्मद यूसुफ अंसारी, अनुज शर्मा, शंकर पाल गंगवार मौजूद रहे। बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट


